बांका में पहली बार मानसून में चांदन डैम से पानी स्पिल, खेतों की सिंचाई में मिलेगी राहत

बांका । जिले के बौसी प्रखंड स्थित चांदन डैम से इस मानसून में पहली बार पानी स्पिल होने लगा है। डैम की अधिकतम जलधारण क्षमता 500 फीट है, जबकि वर्तमान में इसमें 500.4 फीट पानी भर चुका है। बिहार और झारखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण डैम का जलस्तर तेजी से बढ़ा है।

चांदन डैम के कार्यपालक अभियंता अच्युतानंद सिंह ने बताया कि डैम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। जलस्तर को नियंत्रित रखने के लिए तकनीकी टीम तैनात है, जिसमें जेई और एसडीओ मौके पर मौजूद हैं। स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है।

चांदन डैम का पानी बिहार और झारखंड के एक लाख से अधिक एकड़ भूमि की सिंचाई में इस्तेमाल होता है। इस बार मानसून की अच्छी बारिश से डैम में पर्याप्त जलराशि एकत्र हो चुकी है, जिससे किसानों को काफी राहत मिलेगी। स्थानीय किसान राम प्रसाद यादव और अर्जुन मंडल ने बताया कि डैम में जलभराव से खेतों की सिंचाई आसान होगी और फसलों की उपज में भी इजाफा होगा।