सिपाही प्रशिक्षण केंद्र में जीविका दीदी की रसोई शुरू

भागलपुर। बिहार पुलिस के नव नियुक्त सुरक्षा कर्मी अब अपने प्रशिक्षण के दौरान “जीविका दीदी की रसोई” में बने शुद्ध, स्वादिष्ट और पौष्टिक भोजन का आनंद ले सकेंगे। बुधवार को भागलपुर के नाथनगर स्थित सिपाही प्रशिक्षण केंद्र में जीविका दीदी की रसोई का विधिवत उद्घाटन किया गया। सुंदर जीविका महिला संकुल स्तरीय संघ, नाथनगर के द्वारा संचालित इस रसोई में 70 से अधिक जीविका दीदियाँ कार्यरत हैं। वे प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 1000 से अधिक नव नियुक्त सुरक्षा कर्मियों के लिए प्रतिदिन भोजन तैयार करेंगी। यह पहल न केवल इन कर्मियों के लिए बेहतर पोषण और समय पर भोजन सुनिश्चित करेगी, बल्कि ग्रामीण महिलाओं को स्थायी रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर भी प्रदान करेगी।
रसोई का उद्घाटन सीटीएस नाथनगर के प्राचार्य सह पुलिस अधीक्षक और जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक के द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रशिक्षण ले रहे सुरक्षा कर्मियों को समय पर शुद्ध और संतुलित भोजन उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी जीविका दीदियों को दी गई है।