बाइक और जुगाड़ वाहन की टक्कर में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल

  • बिहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से मायागंज अस्पताल भागलपुर रेफर

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, बिहपुर

बिहपुर – नवगछिया पुलिस जिलांतर्गत विभिन्न थाना क्षेत्रों में एनएच 31 पर तेज रफ्तार के कारण सड़क हादसे नहीं थम रहे हैं। ताजा घटना बुधवार को झंडापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मरवा के समीप एनएच 31 पर तेज रफ्तार के कारण ओवरटेक करने के चक्कर में एक बाइक सवार की जुगाड़ वाहन से टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची झंडापुर थाना पुलिस ने अविलंब घटनास्थल पर पहुँचकर घायल युवक को इलाज के लिए बिहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भागलपुर रेफर कर दिया।

घायल युवक भवानीपुर थाना क्षेत्र के मधुरापुर बाजार वार्ड संख्या 7 निवासी धर्मवीर कुमार पिता रामदेव यादव उम्र 20 वर्ष है। युवक के पास से मिले मोबाइल से पहचान हुई। धर्मवीर की मां रिंकू देवी ने बताया कि बुधवार को घर मे सत्यनारायण भगवान का पूजा का आयोजन था। बताया कि धर्मवीर अपनी मौसी को लाने झंडापुर नवटोलिया जा रहा था। झंडापुर थाना क्षेत्र के मरवा पेट्रोल पंप के समीप हादसे का शिकार हो गया। धर्मवीर की हालत चिंताजनक बनी हुई है। सिर के अलावे उसके पेट, कमर व हाथ-पांव में गंभीर चोट है। मायागंज अस्पताल में धर्मवीर जिंदगी-मौत से लड़ रहा है।

इस बारे में झंडापुर थानाध्यक्ष पुलिस निरीक्षक विश्वबंधु कुमार ने कहा, एक बाइक सवार के घायल होने की सूचना मिली है। युवक का इलाज मायागंज अस्पताल भागलपुर में चल रहा है।