न्यूज स्कैन ब्यूरो। भागलपुर
बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब ट्यूशन पढ़ने जा रही एक किशोरी को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने कुचल दिया। हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे आनन-फानन में मायागंज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना मंगलवार सुबह रजौन थाना क्षेत्र स्थित माध्य पेट्रोल पंप के पास की है। मृतक छात्रा की पहचान टेकनी वार्ड संख्या-2 निवासी विश्वास कुमार की 15 वर्षीय पुत्री दुर्गा कुमारी के रूप में की गई है।
परिजनों ने बताया कि दुर्गा रोज़ की तरह सुबह गांव के ही ट्यूशन पढ़ने जा रही थी। उसी दौरान सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसकी साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दुर्गा सड़क पर गिर पड़ी और गंभीर रूप से घायल हो गई।
स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल छात्रा को तुरंत एंबुलेंस से मायागंज अस्पताल ले गए। लेकिन दोपहर करीब 12 बजे डॉक्टरों ने दुर्गा को मृत घोषित कर दिया।
बेटी की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल पहुंची मां बेसुध हो गई और अपनी बेटी के शव से लिपटकर रोती रही। यह दृश्य देख वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही रजौन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा मिले।