बांका। धोरैया थाना क्षेत्र के ताहिरपुर गांव में रविवार सुबह ठनका गिरने से एक किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहम्मद इकराम, उम्र 45 वर्ष के रूप में हुई है। वह घोघर बहियार में अपने खेत में बारिश का पानी रोक रहा था। इसी दौरान रिमझिम बारिश के बीच अचानक ठनका गिरा। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में मातम छा गया। सूचना मिलते ही जिला परिषद सदस्य मोहम्मद रफीक आलम, सिज्झत बलियास के मुखिया ग्यास खां, सज्जाद आलम समेत कई लोग मृतक के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया। जिप सदस्य ने बताया कि घटना की जानकारी धोरैया पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया।
मृतक के दो बेटे और एक बेटी हैं। वह खेती-बाड़ी कर परिवार चलाता था। घटना के बाद पत्नी बीबी लाडली समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक का परिजन काफी गरीब है खेती-बाड़ी कर घर का पालन पोषण करता था।परिजन पर दुःख का पहाड़ टूट पड़ा है। थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।