- मांगो के समर्थन का आश्वासन पाकर हड़ताल किया समाप्त
खगड़िया / गोगरी
जिले के गोगरी नगर परिषद के सफाई कर्मियों ने हड़ताल समाप्त कर दिया है। वे करीब सात दिनों से अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में हड़ताल पर थे। जिसके कारण नगर परिषद क्षेत्र में सफाई पूरी तरह ठप था। शुक्रवार को नगर कार्यपालक अधिकारी की अध्यक्षता में वार्ड पार्षद और सफाई कर्मी की बैठक के बाद यह फैसला सफाई कर्मियों ने लिया है। गौरतलब है कि सफाई कर्मी पीएफ भुगतान, समय पर वेतन, मजदूरी में बढ़ोतरी और सुपरवाइजर गौरव कुमार को हटाने सहित कई मांगों को लेकर पर थे। नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी सोनी कुमारी और कई वार्ड पार्षदों के साथ बातचीत के बाद कर्मियों ने हड़ताल खत्म करने का फैसला लिया।
सभापति और अधिकारी ने एक साथ संभाला मोर्चा
सात दिनों के हड़ताल में गोगरी नगर परिषद की सफाई व्यवस्था पूरी तरह लचर बनी थी। जिसके बाद नगर कार्यपालक अधिकारी और नगर सभापति ने मोर्चा संभाला। दोनों ने वार्ड पार्षद के साथ बैठक के बाद सफाई कर्मियों नियम के तहत उनकी बात विभाग को पहुंचाने का आश्वासन दिया जिसके बाद सफाई कर्मियों ने हड़ताल को वापस ले लिया।
लोगों ने ली चैन की सांस
कार्यपालक पदाधिकारी सोनी कुमारी ने बताया कि सफाई कर्मियों ने हड़ताल खत्म कर दी है। अब सफाई कार्य पहले की तरह नियमित रूप से होगा। उन्होंने कहा कि कर्मियों की मांगों पर विभागीय नियमों के अनुसार विचार किया जाएगा। वहीं सफाई कर्मियों के काम पर लौटने से आम लोगों में भी खुशी का माहौल है। लोगों ने हड़ताल खत्म होने पर चैन की सांस ली है।
सफाई कर्मियों ने कहा कि अब नियमित होगी सफाई
सफाई कर्मी अर्जुन मल्लिक, अरुण मल्लिक, रोशन मल्लिक, रिंकू देवी, कंचन देवी, पूजा देवी, लल्लू मल्लिक, किरण देवी, गुड्डु राम, मंकुंदेव मल्लिक, छगुरी मल्लिक, दीपक राउत, गौतम मल्लिक, विक्रम मल्लिक, संतोष यादव, मिथलेश मल्लिक, श्रमण मल्लिक, नवोद यादव सहित कई ने बताया कि उनको अधिकारी की तरफ से सभी मांगों के समर्थन में आश्वासन मिला है। नगर क्षेत्र में अब नियमित सफाई होगी। बता दें कि नगर परिषद क्षेत्र में करीब 150 से अधिक सफाई कर्मी कार्यरत हैं। सभी ने एक साथ हड़ताल की थी। इससे पूरे क्षेत्र में गंदगी फैल गई थी।

































