खरीक।
मंगलवार को भागलपुर डीएम डाॅ. नवल किशोर चौधरी प्रखंड मुख्यालय पहुँचे। जहाँ उन्होंने बीडीओ राजीव रंजन कुमार से मतदाता सूची का पुनरीक्षण अभियान कार्य से संबंधित विस्तृत जानकारी ली। इसके बाद प्रखंड के बीएलओ के साथ प्रखंड मुख्यालय परिसर स्थित बुनकर भवन में बैठक की। जिसमें डीएम ने बैठक में मौजूद बीएलओ से चल रहे कार्यों का फीडबैक लिया। जिसके बाद उन्होंने कार्य की गति को और रफ्तार देने के लिए आवश्यक और जरूरी टिप्स दिए। डीएम ने बीएलओ से साफ और सख्त शब्दों में कहा कि हर हाल में निर्धारित समयावधि के अंदर शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण करना है। शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण नहीं करना भी लापरवाही मानी जाएगी। साथ ही सभी लोग स्पष्ट रहें कि अगर किसी की भी लापरवाही की शिकायत मिली तो उनकी खैर नहीं है। आपलोगों को भी समाचार-पत्र समेत अन्य माध्यमों से भी जानकारी मिली ही होगी कि कार्य में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसलिए सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों से अपील करता हूँ कि कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं करें। वर्ना, मजबूरन मुझे कार्रवाई करनी पड़ेगी। इस मौके पर सीओ अनिल भूषण, सत्यम शांडिल, सुरेश राम आदि मौजूद थे।

































