अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक गंभीर रूप से घायल, मायागंज अस्पताल रेफर

नवगछिया।

नवगछिया एनएच-31 स्थित बस स्टैंड के पास एक अज्ञात वाहन ने इस्माइलपुर लक्ष्मीपुर निवासी नीरज कुमार (36 वर्ष), पिता मनोज शर्मा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में नीरज गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। नीरज के सिर और पैर में गहरी चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही नीरज के पिता मनोज शर्मा अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि नीरज पूर्णिया में रेक पॉइंट पर काम करता है और वह बस से घर लौट रहा था। जैसे ही वह बस से उतरकर सड़क पार करने लगा, किसी अज्ञात वाहन ने उसे धक्का मार दिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने की तैयारी चल रही है।