मधुरापुर गंगा जहाज घाट में डूबने से दो बच्चे की मौत

न्यूज स्कैन। भवानीपुर

प्रखंड अंतर्गत भवानीपुर थानाक्षेत्र के मधुरापुर गंगा जहाज घाट पर सावन की पहली सोमवारी को दो बच्चे का डूबने से मौत हो गयी हैा प्रत्यक्षदर्शी बताते हैं कि घाट पर अपराह्न चार बजे दो जोड़ी बच्चे का कपड़ा रखा था लेकिन गंगा नदी में कोई बच्चा दिख नहीं रहा था। स्थानीय ग्रामीणों द्वारा नदी में गोता लगाकर खोजबीन किया गया तो दोनों बच्चों का शव मिला जिसके बाद घाट पर परिजनों की चीत्कार से हाहाकार मच गया । शव मिलने पर परिजन आनन – फानन में बच्चों को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर पहुंचा। मृत बच्चे की पहचान सिंहपुर पूरब पंचायत के वार्ड नंबर दो मधुरापुर पछियारी टोला निवासी मो निसार का पुत्र मो दिलशाद (9) व दूसरा बच्चा मधेपुरा जिला के चौसा थानाक्षेत्र अंतर्गत फुलौत गांव निवासी मो खुर्शीद आलम का पुत्र व मधुरापुर पछियारी टोला के मो इस्लाम का नाती मो अरमान (10) के रूप में हुई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर पहुंचे मृतक के परिजनों ने सीएचसी में चिकित्सक नहीं रहने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची भवानीपुर पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने को लेकर कागजी प्रक्रिया में जुट गयी है। नारायणपुर गांव के मो शोएब आलम ने बताया कि घाट पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था संतोषजनक नहीं था। दोनों ओर बैरिकेडिंग कर छोड़ दिया गया जबकि बीच में भी बैरिकेडिंग होना चाहिए। घटना को लेकर लोगों आक्रोशित थे।