न्यूज स्कैन टीम, बेगूसराय
बेगूसराय में आज सुबह हुई हत्या के बाद अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। दिनदहाड़े यह हत्या रेलवे फाटक के पास हुई है। हमलावरों ने हथियार से तीन युवकों पर करीब 7-8 गोलियां चलाई हैं। एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अन्य दो घायल हैं। मृतक की पहचान छोटू महतो के पुत्र अमित कुमार व घायल युवक की पहचान नंदकिशोर सिन्हा के पुत्र प्रिंस कुमार और शुभम के रूप में हुई है। हमला लोहिया नगर थाना क्षेत्र के बाघा रेलवे गुमटी के पास की है। हमलावर मास्क पहले हुए दो बाइक पर सवार होकर आए थे। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटना की गंभीरता देखते हुए चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और सक्रिय हो गई है।
जानकारी के मुताबिक अमित रेलवे गुमटी के पास ही छोटे वाहनों से बैरियर वसूली करता था। प्रिंस कुमार नाम के स्टाफ के साथ वह सुबह में बैठा हुआ था। इसी दौरान अपराधी आ धमके और फायरिंग करने लगे। घटना करीब 11.30 बजे की है। घटना के बाद तीनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने अमित को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक बैरियर के ठेके से जुड़ा विवाद ही घटना के मूल में है। पांच साल पहले इसके पिता की भी हत्या हुई थी। जानकारी के मुताबिक दीपू महतो और अमित के पिता सुनील महतो के बीच वर्चस्व और जमीन को लेकर विवाद था। इसी विवाद में 2011 में दीपू की हत्या हुई थी। इसमें सुनील महतो को जेल हुई थी। बाद में 2017 में सुनील की भी हत्या हो गई थी। करीब महीने भर पहले दीपू की पत्नी रीता देवी ने अमित पर रंगदारी मांगने का मामला दर्ज कराया था। इसमें अमित को जेल हुई थी और एक सप्ताह पहले ही जमानत पर बाहर आया था।

बेगूसराय में हत्या के बाद सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस; एक सप्ताह पहले ही जमानत पर बाहर आया था अमित

More posts
