न्यूज स्कैन ब्यूरो। परबत्ता।
परबत्ता (खगड़िया) में भीषण गर्मी को देखते हुए नगर पंचायत द्वारा आमजनों के लिए सराहनीय पहल की गई है। नगर पंचायत की चेयरमैन अर्चना देवी और चेयरमैन प्रतिनिधि रंजीत कुमार साह के प्रयासों से क्षेत्र के 10 प्रमुख स्थानों पर प्याऊ (शुद्ध पेयजल केंद्र) स्थापित किए गए हैं। इन प्याऊ का शुभारंभ चेयरमैन अर्चना देवी ने स्वयं राहगीरों को पानी पिलाकर किया, जिससे स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल देखा गया।नगर पंचायत द्वारा मोजाहिदपुर हनुमान मंदिर, इंडियन बैंक, के.एम.डी कॉलेज, यात्री शेड करना, सिराजपुर टावर, रहीमपुर मोड़, चैती दुर्गा मंदिर मोजाहिदपुर, परबत्ता थाना, एसबीआई बैंक और ब्लॉक गेट के समीप प्याऊ लगाए गए हैं। इन स्थानों पर शुद्ध पेयजल के साथ-साथ ORS की भी व्यवस्था की गई है, ताकि लोगों को लू और डिहाइड्रेशन से बचाया जा सके। इसके अलावा राहगीरों के बैठने और आराम करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। चेयरमैन अर्चना देवी ने कहा कि यह पहल लोगों को गर्मी से राहत देने के उद्देश्य से की गई है। वहीं, रंजीत कुमार साह ने बताया कि भविष्य में जरूरत के अनुसार और भी स्थानों पर ऐसी व्यवस्था की जाएगी।
































