न्यूज स्कैन ब्यूरो। परबत्ता
परबत्ता प्रखंड के बैसा पंचायत अंतर्गत बिठला गांव निवासी अमरजीत कुमार उर्फ एसपी गोस्वामी की सोमवार देर रात सड़क हादसे में मौके पर ही मौत हो गई। हादसा मड़ैया कब्रिस्तान के पास उस समय हुआ जब उनकी बाइक बांस से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। इस दुर्घटना में बाइक पर सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।घायलों की पहचान बेगूसराय जिला के परिहरा गांव निवासी मोहित कुमार और बिठला निवासी सिंटू कुमार के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, तीनों दोस्त रात करीब 10 बजे खाना खाने के बाद अपाची बाइक से गोगरी थाना क्षेत्र के शेरगढ़ गांव गए थे। वापस लौटने के दौरान मड़ैया कब्रिस्तान के पास यह हादसा हो गया।घटना की सूचना स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सावित्री कुमारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचीं और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। वहीं, घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।बताया जा रहा है कि घायल मोहित कुमार पिछले तीन वर्षों से अपने भाई के ससुराल में बिठला गांव में रह रहा था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
































