परबत्ता सीएचसी में FCM थेरेपी अभियान की शुरुआत

न्यूज़ स्कैन ब्यूरो। परबत्ता

बिहार सरकार द्वारा गर्भवती महिलाओं में एनीमिया की बढ़ती समस्या से निपटने के लिए शुरू किए गए Ferric Carboxymaltose Injection (FCM) थेरेपी अभियान के तहत परबत्ता प्रखंड अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

सीएचसी प्रभारी डॉ. कशिश ने इस अभियान की शुरुआत की।इस अवसर पर डॉ. कशिश ने बताया कि राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण के अनुसार बिहार में लगभग 63 प्रतिशत गर्भवती महिलाएं एनीमिया से पीड़ित हैं, जो राष्ट्रीय औसत 52 प्रतिशत से काफी अधिक है। ग्रामीण क्षेत्रों में यह स्थिति और भी गंभीर है, जहां यह आंकड़ा 63.9 प्रतिशत तक पहुंच जाता है।

उन्होंने कहा कि इस चुनौती से निपटने के लिए राज्य सरकार की यह पहल मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।अभियान के तहत 20 एनीमिक गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उन्हें एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया जायेगा। जहां उन्हें FCM इंजेक्शन दिया जायेगा। उपचार के बाद सभी महिलाओं की सुरक्षित घर वापसी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस अभियान के सफल संचालन के लिए दवाओं, आवश्यक उपकरणों और प्रशिक्षित चिकित्सा कर्मियों की समुचित व्यवस्था की गई है। विभाग को उम्मीद है कि इस पहल से एनीमिया की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी और गर्भवती महिलाओं तथा नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य में सुधार होगा।

इस मौके पर पिरामल के जिला प्रतिनिधि ललन कुमार, सिराज हसन, श्रवण कुमार, बीसीएम रौशन कुमार रंजन, प्रखंड मूल्यांकन समन्वयक श्रवण कुमार, एएनएम गुंजन कुमारी एवं प्रीति कुमारी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।