न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
पिछले 10–11 दिनों से मध्य एशिया के खाड़ी देशों में उत्पन्न अंतरराष्ट्रीय संकट को लेकर जिले में रसोई गैस की कमी की अफवाहें फैल रही हैं। इस बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि भागलपुर जिले में रसोई गैस की कोई किल्लत नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।
जिला प्रशासन ने बताया कि कुछ लोगों द्वारा गैस की कमी को लेकर भ्रामक अफवाह फैलायी जा रही है, जिससे आम उपभोक्ताओं में अनावश्यक चिंता का माहौल बन रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसी अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर गैस की अतिरिक्त बुकिंग या जमाखोरी न करें।
स्थिति की समीक्षा के लिए बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) भागलपुर की अध्यक्षता में शहर के सभी गैस वितरकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी वितरकों ने स्पष्ट रूप से बताया कि जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति व्यवस्था में किसी प्रकार की बाधा नहीं है।
प्रशासन ने यह भी कहा कि रसोई गैस की आपूर्ति नियमित रूप से जारी है और उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से संयम बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह से बचने की अपील की है।
प्रशासन का संदेश
जिला प्रशासन ने दोहराया कि भागलपुर में रसोई गैस की आपूर्ति सामान्य है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। लोगों से आग्रह किया गया है कि वे अफवाहों पर भरोसा न करें और किसी भी संदिग्ध जानकारी की पुष्टि आधिकारिक स्रोतों से ही करें।
































