न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के संयुक्त सचिव रह चुके वरिष्ठ शिक्षक नेता और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के समर्पित कार्यकर्ता महादेव मिश्र के निधन से जिले के शिक्षक समुदाय और वामपंथी आंदोलनों में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन को शिक्षक आंदोलन और मेहनतकश जनता के संघर्षों के लिए अपूरणीय क्षति बताया गया है।
कॉ. महादेव मिश्र ने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा शिक्षा जगत और सामाजिक आंदोलनों को समर्पित किया। वे बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के संयुक्त सचिव के रूप में सक्रिय रहे और भागलपुर जिला ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार में शिक्षक अधिकारों और शिक्षा व्यवस्था के सुधार के लिए चलाए गए आंदोलनों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इसके साथ ही वे भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, भागलपुर जिला के सक्रिय नेता थे। उन्होंने जीवनभर मेहनतकश वर्ग, गरीबों और वंचितों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया। सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उन्हें एक लोकप्रिय जननेता बनाती थी।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने अपने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि कॉ. महादेव मिश्र का जीवन संघर्ष, ईमानदारी और जनसेवा का उदाहरण रहा है। उनके निधन से पार्टी ही नहीं, बल्कि मेहनतकश जनता के आंदोलनों को भी गहरी क्षति पहुंची है।
पार्टी ने शोक संतप्त परिवार और उनके समर्थकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। महादेव मिश्र के निधन पर शोक व्यक्त करने वालों में भाकपा जिला सचिव देव कुमार यादव, प्राथमिक शिक्षक संघ के नेता मनोहर शर्मा, बिहार महिला समाज की नेत्री अनीता शर्मा, भाकपा नेता अभिमन्यु मंडल, गोपाल राय, नौजवान संघ के नेता सचिन कुमार तथा इप्टा के अवधेश राय सहित कई सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता शामिल हैं।































