लाजपत पार्क के सौंदर्यीकरण को विधायक रोहित पांडे सक्रिय, कहा-पार्क के विकास का प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेजें

  • लाजपत पार्क बचाओ सेवा संघर्ष समिति ने सौंपा स्मारपत्र, स्थलीय निरीक्षण का दिया निमंत्रण

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

भागलपुर शहर के ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल लाजपत पार्क के सौंदर्यीकरण और विकास को लेकर सोमवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। भागलपुर के विधायक रोहित पांडे ने लाजपत पार्क बचाओ सेवा संघर्ष समिति के संयोजक कमल जायसवाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल के साथ भागलपुर मंडल के प्रमंडल वन्य पदाधिकारी से मुलाकात कर पार्क से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल की ओर से प्रमंडल वन्य पदाधिकारी को एक स्मार-पत्र भी सौंपा गया, जिसमें पार्क के सौंदर्यीकरण, सुविधाओं के विस्तार और रख-रखाव से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।
विधायक रोहित पांडे ने अधिकारियों से कहा कि लाजपत पार्क शहर की ऐतिहासिक धरोहर है और इसके विकास के लिए जो भी कार्य विभागीय स्तर पर संभव हो, उसे प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि वन विभाग अपने स्तर से पार्क के विकास से संबंधित सम्पूर्ण प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेजे, ताकि विभागीय और सरकारी स्तर पर इसकी स्वीकृति सुनिश्चित कराई जा सके।
लाजपत पार्क बचाओ सेवा संघर्ष समिति के संयोजक कमल जायसवाल ने अधिकारियों से आग्रह किया कि वे जल्द ही लाजपत पार्क का स्थलीय निरीक्षण करें, जिससे पार्क की वास्तविक स्थिति का आकलन कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें। इस पर प्रमंडल वन्य पदाधिकारी ने आश्वासन दिया कि वे शीघ्र ही पार्क का दौरा करेंगे और वहां मौजूद कमियों को यथासंभव समयबद्ध तरीके से दूर करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि लाजपत पार्क को एक आदर्श पार्क के रूप में विकसित किया जा सके।
बैठक के दौरान समिति के सदस्यों ने पार्क में बिजली की व्यवस्था, हाईमास्ट लाइट, शौचालय में सिंटेक्स टैंक, जिम के उपकरणों की व्यवस्था तथा पगडंडी मार्ग को चौड़ा करने जैसे मुद्दों पर भी अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया।
इस अवसर पर समिति के सदस्य अशोक कुमार गुप्ता, गिरीश यादव, संजय मंडल, ओमप्रकाश मंडल, गुड्डू राय, अभय कुमार घोष, सोनू जी और मनोज गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
अंत में समिति के सदस्यों ने विधायक रोहित पांडे के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनसे जल्द ही लाजपत पार्क आने का आग्रह किया। साथ ही यह भी कहा कि स्थानीय स्तर पर समाज के लोगों के सहयोग से पार्क के विकास के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।