न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भागलपुर के पूर्व विधायक अजीत शर्मा एवं उनकी धर्मपत्नी डॉ. विभा शर्मा ने अपने आवास स्थित कांग्रेस कैंप कार्यालय में सामाजिक रूप से उत्कृष्ट कार्य करने वाली अग्रणी महिलाओं को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति रही और कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण रहा।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को संबोधित करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि समाज और राष्ट्र के समेकित विकास के लिए महिलाओं को सामाजिक और राजनीतिक रूप से और अधिक सशक्त बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बिना शिक्षा और आर्थिक स्वावलंबन के महिलाओं के सम्यक विकास की परिकल्पना नहीं की जा सकती।
उन्होंने कहा कि भारत जैसे देश में नारी का स्थान देवतुल्य माना गया है। एक नारी माँ, बहन और पत्नी के रूप में परिवार के साथ-साथ समाज और देश की प्रगति में अहम भूमिका निभाती है। इसलिए महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए अवसर और सम्मान मिलना चाहिए।
इस अवसर पर नगर अध्यक्ष सोइन अंसारी, महिला पर्यवेक्षक ज्योति देवी, मीनाक्षी रॉयल, उषा रानी, खुश्बू देवी, करिश्मा कुमारी, सुलेखा कुमारी, अनीता देवी, सुप्रिया देवी, इंद देवी, कविता देवी, सरिता देवी, चंचल देवी, रिंकू देवी, नूतन देवी, उमा देवी, आशा देवी एवं मनीष राज सहित कई महिलाएं उपस्थित रहीं।

































