विक्रमशिला हिन्दी विद्यापीठ के बैनर तले होली मिलन समारोह, गीत-गजल और कविताओं से सराबोर रहा माहौल

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

साहित्यिक व सांस्कृतिक संस्था विक्रमशिला हिन्दी विद्यापीठ के बैनर तले जयप्रभा मार्ग, काजवलीचक स्थित गांधी शांति प्रतिष्ठान के सभागार में रविवार को भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में साहित्यकारों, कवियों और गजलकारों की प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण होली के रंगों और साहित्यिक रस से सराबोर हो गया।
समारोह का उद्घाटन पूर्णिया से पहुंचे प्रतिष्ठित गजलकार बाबा बैद्यनाथ झा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्णिया से ही आए वरिष्ठ साहित्यकार कैलाश बिहारी चौधरी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में परमानंद राय और प्रदीप सिंह सहित कई साहित्यकार और गणमान्य लोग भी मौजूद थे।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. प्रेमचंद पांडेय ने किया। समारोह की शुरुआत गीतकार राजकुमार के मधुर गीत से हुई। इसके बाद होली के रंगों से सराबोर गीत, कविताएं और गजलों की शानदार प्रस्तुतियों ने माहौल को पूरी तरह होलीमय बना दिया।
इस अवसर पर कमर तावां, जावेद अख्तर, सुश्री काफिया कामनी, प्रसून ठाकुर, कपिल देव कृपाला, साथी सुरेश सूर्य और इकराम हुसैन शाद की रचनाओं ने श्रोताओं को खूब झुमाया। उनकी प्रस्तुतियों पर उपस्थित श्रोता देर तक तालियां बजाते रहे।
इसके अलावा अभय कुमार भारती, धीरज पंडित, नंद किशोर पंडित, डॉ. जयंत सिन्हा, जलद, गोपाल कृष्ण, प्राण मोहन प्रीतम, निशांत कुमार, गणेश ठाकुर ‘निराला’, अजीत शांत और पत्रकार संजय कुमार सहित दर्जनों साहित्यकारों ने अपनी उत्कृष्ट रचनाएं प्रस्तुत कर समारोह को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. प्रेमचंद पांडेय ने सभी अतिथियों और उपस्थित साहित्यकारों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया। समारोह में साहित्य, संस्कृति और होली के उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला।