न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
कैमूर जिले के भभुआ में रविवार को वैश्य समाज द्वारा होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। शहर के मुंडेश्वरी पैलेस होटल में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में वैश्य समाज के लोग शामिल हुए और आपसी प्रेम, भाईचारे तथा सामाजिक एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कैमूर वैश्य समाज के कार्यकारी अध्यक्ष सिंहासन प्रसाद जायसवाल ने की, जबकि कार्यकारी उपाध्यक्ष उत्तम चौरसिया के नेतृत्व में समारोह का संचालन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और गले मिलकर पर्व की खुशियां साझा कीं।
समारोह में जिले के कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। प्रमुख अतिथियों में जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष उमाशंकर जायसवाल, तेली वैश्य समाज के अध्यक्ष कैप्टन त्रिवेणी गुप्ता, एमएलसी प्रतिनिधि विजय चौरसिया, कैमूर भाजपा के जिला उपाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता, भारत सोनी, गुड्डू गुप्ता, डॉ. दिनेश गुप्ता, राजू केसरी और संजय गुप्ता सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और बुद्धिजीवी शामिल हुए।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि होली का पर्व आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से समाज में एकता मजबूत होती है और सामाजिक संबंधों में मिठास आती है। सभी लोगों ने मिलकर समाज की मजबूती और आपसी सहयोग की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक माहौल के बीच होली के गीत-संगीत और रंगों की खुशियां देखने को मिलीं। पूरे आयोजन में उत्साह और उल्लास का वातावरण बना रहा, जिससे यह समारोह यादगार बन गया।
































