- विधायक रोहित पांडे को संघर्ष समिति ने दिखाई जमीनी हकीकत, चेतावनी-सुधार नहीं हुआ तो होगा चरणबद्ध आंदोलन
न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
भागलपुर शहर के ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल लाजपत पार्क की बदहाल स्थिति को लेकर रविवार को जनाक्रोश खुलकर सामने आया। लाजपत पार्क बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक कमल जायसवाल और योग समिति के सदस्यों ने वर्तमान विधायक रोहित पांडे को पार्क की उपेक्षा, गंदगी और बुनियादी सुविधाओं के अभाव से अवगत कराया।
समिति के सदस्यों ने विधायक के साथ पूरे पार्क का निरीक्षण कर उन्हें जमीनी हकीकत दिखाई। इस दौरान नागरिकों ने बताया कि शहर की हृदयस्थली माना जाने वाला लाजपत पार्क वर्षों से उपेक्षा का शिकार बना हुआ है। वर्ष 2022 से ही जिला प्रशासन, नगर निगम और वन विभाग को लगातार शिकायतें दी जा रही हैं, लेकिन अब तक कोई संतोषजनक सुधार नहीं हो पाया है।
निरीक्षण के दौरान संघर्ष समिति ने पार्क में व्याप्त कई गंभीर समस्याओं को विधायक के सामने रखा। इनमें पार्क परिसर में फैली गंदगी की नियमित सफाई, बंद पड़े प्याऊ को चालू करने, लगभग 1500–1600 फीट पाइपलाइन बिछाकर पानी की आपूर्ति, शौचालय और यूरिनल में पानी की व्यवस्था, जिम के टूटे उपकरणों और क्षतिग्रस्त स्टील कुर्सियों को बदलने, सुरक्षा के लिए मास्ट लाइट लगाने, पेड़-पौधों को नियमित पानी देने, असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने और टूटे हुए सीमेंटेड टाइल्स की मरम्मत जैसी मांगें शामिल हैं।
इसके अलावा पार्क परिसर स्थित मंदिर की टूटी दीवार की मरम्मत, चारदीवारी को दुरुस्त करने और नागरिकों की सुविधा के लिए वॉकिंग ट्रैक के चौड़ीकरण की भी मांग की गई। समिति के संयोजक कमल जायसवाल ने विधायक को मंदिर परिसर का भी भ्रमण कराया और पार्क की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बड़ी संख्या में मौजूद महिलाओं ने भी पार्क की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताई और सुविधाओं की मांग उठाई।
संघर्ष समिति ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पार्क की स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो जनहित में चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।
इस दौरान समाजसेवी प्रकाश चंद्र गुप्ता, मनोज, संगीता तिवारी, वार्ड पार्षद संजय सिंह, ओमप्रकाश मंडल, अशोक गुप्ता, विनय सिन्हा, राजेश जायसवाल, राजू रजक, राम नारायण चौधरी, मनोज भगत, डॉ. सीता भगत, मिथिलेश गुप्ता सहित कई लोग मौजूद रहे। थाना प्रभारी के निर्देश पर सब इंस्पेक्टर मंटू कुमार, योगेश कुमार और राहुल कुमार भी मौके पर मौजूद थे।
इस दौरान शहर में बढ़ते होल्डिंग टैक्स के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। डॉ. दिनेश ने कहा कि मुख्य मार्ग और अन्य क्षेत्रों के वर्गीकरण की समीक्षा जरूरी है ताकि टैक्स व्यवस्था में पारदर्शिता आ सके।
निरीक्षण के बाद विधायक रोहित पांडे ने नागरिकों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया। प्रकाश चंद्र गुप्ता के धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब से लाजपत पार्क नगर निगम से वन विभाग को हस्तांतरित हुआ है, तब से पार्क के विकास और रख-रखाव की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है, जिसके कारण शहर की यह महत्वपूर्ण धरोहर बदहाली की कगार पर पहुंच गई है।

































