न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग की ओर से उप श्रमायुक्त कार्यालय, Bhagalpur में एकदिवसीय ग्रामीण प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप श्रमायुक्त, भागलपुर ने की। शिविर का उद्घाटन उप श्रमायुक्त, श्रमाधीक्षक (योजना-सह-बोर्ड), श्रम अधीक्षक (अधिनियम) तथा उपस्थित श्रमिक प्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस प्रशिक्षण शिविर में जिले के प्रत्येक पंचायत से एक-एक श्रमिक प्रतिनिधि ने भाग लिया। उद्घाटन संबोधन में उप श्रमायुक्त ने श्रम कानूनों एवं विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए श्रमिकों से योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
सहायक श्रमायुक्त ने बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही जिले में पदस्थापित श्रम प्रवर्तन पदाधिकारियों ने न्यूनतम मजदूरी अधिनियम, समान पारिश्रमिक अधिनियम तथा बाल श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी दी। अधिकारियों ने श्रमिकों को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी।
शिविर में बिहार शताब्दी असंगठित कार्यक्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा योजना तथा बिहार राज्य प्रवासी मजदूर दुर्घटना योजना से संबंधित लाभों की भी विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इन योजनाओं का उद्देश्य असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है।
प्रशिक्षण के उपरांत सभी प्रतिभागी श्रमिकों को एक दिन का पारिश्रमिक एवं आवागमन भत्ता प्रदान किया गया। साथ ही उनके लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई।
भागलपुर में एकदिवसीय ग्रामीण प्रशिक्षण शिविर आयोजित: श्रमिकों को श्रम कानून व योजनाओं की दी गई जानकारी

























