संदिग्ध हालात में 25 वर्षीय विवाहिता की मौत, पति हिरासत में, दो मासूम बच्चों की मां थी नेहा, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

जिले के त्रिवेणीगंज नगर परिषद क्षेत्र के बभनगामा वार्ड संख्या 9 में सोमवार दोपहर एक 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान आशीष कुमार की पत्नी नेहा कुमारी के रूप में की गई है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को घर के आंगन से बरामद कर अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, नेहा कुमारी पिपरा थाना क्षेत्र के सखुआ वार्ड संख्या 3 निवासी वरुण झा की पुत्री थीं। लगभग सात वर्ष पूर्व उनका विवाह आशीष कुमार के साथ हुआ था। दंपति के दो छोटे बच्चे हैं—तीन वर्षीय आयांश और डेढ़ वर्षीय अक्ष। परिवारिक सूत्रों के मुताबिक, नेहा और उनके पति के बीच किसी युवक से फोन पर बातचीत को लेकर अक्सर विवाद होता था। प्रारंभिक स्तर पर आशंका जताई जा रही है कि मानसिक तनाव के कारण नेहा ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया। हालांकि, मृतका के पिता ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए दामाद पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आशीष कुमार नशे की हालत में अक्सर उनकी बेटी के साथ मारपीट करता था। पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है। थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।