न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
छातापुर थाना क्षेत्र के घीवहा पंचायत में एसएच-91 किनारे रविवार की मध्य रात्रि शौच के लिए निकली एक वृद्ध महिला को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। जिससे उसकी मौके घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि हादसे के बाद वाहन चालक फरार हो गया। मृतका की पहचान 72 वर्षीया फुलो देवी, पति जगदीश मंडल, वार्ड संख्या पांच घीवहा निवासी के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार फुलो देवी मध्य रात्रि अकेले शौच के लिए दरवाजे से बाहर निकली थीं और सड़क पार करने के दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आ गईं। घटना की सूचना मिलने पर छातापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर थाना लाई, जिसके बाद पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेज दिया गया। इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रमोद झा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आवेदन मिलने के बाद आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

























