नौ विष्णु महायज्ञ का कलश यात्रा के साथ हुआ शुभारंभ

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल/ छातापुर

जिले के छातापुर थाना क्षेत्र के घीवहा पंचायत में 9 दिवसीय विष्णु महायज्ञ का शुभारंभ शनिवार को कलश यात्रा से हुआ। आयोजन को लेकर प्रातः काल से ही आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी थी। आयोजन समिति के सदस्य आवश्यक व्यवस्थाओं में जुटे रहे। शनिवार को 501 कन्याओं द्वारा भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। इस अवसर पर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा गया। शोभायात्रा विभिन्न सड़कों से होते हुए सुरसर नदी के किनारे पहुंची। जहां वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ आचार्य महेंद्र दास ने विधि विधान से कलश में जल भरवाया। इसके बाद शोभायात्रा पुनः आयोजन स्थल पर लौटी। यात्रा के दौरान जय श्रीराम जय हनुमान के जयकारों से इलाका गुंजायमान हो रहा था। 9 दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान के आयोजन से इलाकेवासी भक्तिभाव से रंगे हुए है। शनिवार पूर्वाहन कलशयात्रा संपन्न होने के उपरांत आगंतुक सभी श्रद्धालुओं के बीच खीर प्रसाद का वितरण किया गया।
आयोजन कमेटी के अध्यक्ष रामप्रकाश मंडल ने जानकारी देते हुए बताया कि 9 दिवसीय आयोजन में संध्याकाल दीप प्रज्वलित कर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का शुभारंभ किया जाएगा। जिसके बाद 2 घंटे का प्रवचन तत्पश्चात रामलीला का आयोजन किया जाएगा। बताया कि 9 दिवसीय आयोजन के दौरान स्थल पर निर्मित रामदरबार में लगातार रामायण पाठ होगा।
आयोजन को सफल बनाने में सचिव पूर्व पंचायत समिति अमोद कुमार यादव, माडिया प्रभारी संजीव कुमार, मुखिया गजेंद्र राम, पंचायत समिति मनोज कुमार साह, बासुदेव प्रसाद यादव, नुनु लाल साह, योगेंद्र साह, विनोद कुमार यादव, रामकुमार यादव, राजकुमार, नुनु लाल यादव, शंभूनारायण यादव, सुशील कुमार यादव, जयचंद कुमार, प्रमोद कुमार, अनमोल कुमार यादव सहित स्थानीय ग्रामीण लगे है।