किसान पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 फरवरी

  • किसान पंजीकरण और ई-केवाईसी में तेजी को लेकर डीएम की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसान पंजीकरण एवं ई-केवाईसी कार्य में तेजी लाने को लेकर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला कृषि पदाधिकारी, जिले के तीनों अनुमंडल पदाधिकारी, तीनों डीसीएलआर तथा सभी प्रखंडों के बीडीओ और सीओ शामिल हुए।
बैठक में बताया गया कि भागलपुर जिले में 2,74,158 किसान पीएम किसान सम्मान निधि योजना का लाभ प्राप्त कर रहे हैं, जिनका किसान पंजीकरण और ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है। अब तक 1,08,000 किसानों का पंजीकरण तथा 2,10,000 किसानों का ई-केवाईसी पूरा किया जा चुका है, जबकि अभी भी 1,02,000 किसानों का पंजीकरण शेष है।
जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि केंद्र सरकार द्वारा किसान पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है। इसे ध्यान में रखते हुए डीएम ने अधिकारियों को पंजीकरण कार्य में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए।
डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी ने पंचायत स्तर पर गठित टीमों में कर्मियों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आवश्यकता के अनुसार पंचायत रोजगार सेवक, आवास सहायक, पंचायत सचिव एवं तकनीकी सहायकों की आईटी आईडी क्रिएट कर उन्हें पंजीकरण कार्य में लगाया जाए। बैठक में यह भी बताया गया कि प्रत्येक प्रखंड में 95 आईडी बनाई जा सकती हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि अगले तीन दिनों में 50,000 किसानों का पंजीकरण हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा।
उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार द्वारा बिहार राज्य के लिए किसान पंजीकरण का एक निश्चित लक्ष्य निर्धारित किया गया है। निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति नहीं होने की स्थिति में पूर्ण आवंटन प्राप्त करने में कठिनाई हो सकती है। इसी को लेकर मुख्य सचिव, बिहार के स्तर से प्रतिदिन इस कार्य की समीक्षा की जा रही है।