सबका सम्मान–जीवन आसान के तहत डीएम ने की सुनवाई: पेंशन व भूमि विवाद से जुड़े करीब 60 आवेदनों पर हुई सुनवाई

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
7 निश्चय–3 से बढ़ेगा अपना बिहार कार्यक्रम के अंतर्गत सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living) पहल के तहत सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने अपने कार्यालय कक्ष में आम जनों के आवेदनों पर जनसुनवाई की। इस दौरान लगभग 60 आवेदनों की सुनवाई की गई, जिनमें मुख्य रूप से लंबित पेंशन मामलों एवं भूमि विवाद से संबंधित शिकायतें शामिल थीं।
सुनवाई के दौरान एक दिव्यांग आवेदक व्हीलचेयर पर जिलाधिकारी के समक्ष पहुंचा और अपनी समस्या रखी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मामले के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए।
इसी क्रम में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता (राजस्व), अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), अपर समाहर्ता (विधि व्यवस्था) सहित सभी जिला स्तरीय, प्रखंड स्तरीय, अंचल एवं थाना स्तर के अधिकारियों ने भी अपने-अपने कार्यालयों में सबका सम्मान–जीवन आसान कार्यक्रम के तहत आम जनों की शिकायतों की सुनवाई की।
कार्यक्रम के दौरान प्राप्त शिकायतों का विधिवत पंजीकरण किया गया तथा आवेदकों को प्राप्ति रसीद प्रदान की गई। आम जनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उनके बैठने की समुचित व्यवस्था के साथ-साथ शुद्ध पेयजल एवं शौचालय की सुविधा सभी कार्यालयों के समीप उपलब्ध कराई गई।
प्रशासन द्वारा बताया गया कि सबका सम्मान–जीवन आसान कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि सरकारी सेवाओं की पहुंच सरल और प्रभावी हो सके।