न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर कैमूर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में शुक्रवार को मोहनियां थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मोहनियां अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) रत्ना प्रियदर्शी ने की।
बैठक में महाशिवरात्रि के अवसर पर निकलने वाले जुलूस, सड़क जाम, ट्रैफिक व्यवस्था, विधि-व्यवस्था तथा सुरक्षा से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन की ओर से स्पष्ट निर्देश दिया गया कि महाशिवरात्रि जुलूस निकालने वाली सभी समितियों को अनिवार्य रूप से लाइसेंस लेना होगा। साथ ही जुलूस के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा।
बैठक में बताया गया कि मोहनियां अनुमंडल क्षेत्र में महाशिवरात्रि के अवसर पर हर वर्ष भव्य जुलूस निकाला जाता है, जिसे शिव बारात के रूप में जाना जाता है। वर्षों से चली आ रही इस परंपरा को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का आश्वासन दिया, वहीं आयोजकों से भी नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की गई।
इस अवसर पर मोहनियां अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) प्रदीप कुमार ने कहा कि आगामी महाशिवरात्रि को लेकर थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक आयोजित कर आम जनता, समाजसेवियों एवं जनप्रतिनिधियों से विचार-विमर्श किया गया है। उन्होंने बताया कि जुलूस निकालने वाली समितियों को लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा और डीजे बजाने पर पूरी तरह रोक रहेगी।
एसडीपीओ ने बताया कि पर्व के दौरान संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारियों की तैनाती की जाएगी तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की भी व्यवस्था की जाएगी, ताकि महाशिवरात्रि पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
बैठक में शांति समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने सभी से आपसी सहयोग और भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की।
महाशिवरात्रि को लेकर मोहनियां थाने में शांति समिति की बैठक: जुलूस में डीजे पर रहेगा प्रतिबंध, लाइसेंस लेना अनिवार्य
































