न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
पीरपैंती पावर प्लांट के लिए अधिगृहित भूमि के मुआवजे को लेकर गुरुवार को पीरपैंती प्रखंड कार्यालय में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने की, जबकि वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में अधिगृहित जमीन के ऐसे रैयत, जिनका मुआवजा अब तक देय है, तथा वे रैयत भी शामिल हुए जो अभी भी अधिगृहित भूमि पर फसल उगा रहे हैं। बैठक के उपरांत जिलाधिकारी ने मीडिया को संबोधित करते हुए मुआवजा भुगतान से जुड़ी स्थिति को स्पष्ट किया।
जिलाधिकारी ने बताया कि कई मामलों में पंचाट जिनके नाम से बना है, उनके उत्तराधिकारियों के बीच विवाद चल रहा है, जो सिविल कोर्ट अथवा लाड़ा कोर्ट में लंबित है। उन्होंने कहा कि यदि संबंधित उत्तराधिकारी आपसी विवाद का निपटारा कर आवेदन देते हैं, तो जिला प्रशासन लाड़ा कोर्ट से मामला वापस लेकर मुआवजा राशि का भुगतान उनके बीच कर देगा। संबंधित राशि फिलहाल जिला भू-अर्जन कार्यालय में सुरक्षित रखी गई है।
उन्होंने बताया कि कुछ मामलों में मृत रैयतों के आश्रितों को मिलने वाली मुआवजा राशि 50 लाख रुपये से अधिक है। ऐसे मामलों में विभाग को पत्राचार किया गया है कि यदि भुगतान की अधिकतम सीमा बढ़ाई जाती है, तो भू-अर्जन कार्यालय स्तर से ही मुआवजा का भुगतान संभव हो सकेगा। वर्तमान व्यवस्था के तहत ऐसे मामलों में आश्रितों को सिविल कोर्ट से आदेश प्राप्त करना आवश्यक है, आदेश मिलते ही मुआवजा राशि का भुगतान कर दिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने अधिगृहित भूमि पर फसल उगाने के मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि उक्त भूमि का अधिग्रहण वर्ष 2013 में अधिसूचित किया गया था तथा वर्ष 2015 में मुआवजा भुगतान भी हो चुका है। इसके बावजूद अधिगृहित भूमि पर दोबारा फसल उगाना अवैध है। उन्होंने बताया कि सितंबर 2025 में ही माननीय प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री द्वारा पावर प्लांट के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया जा चुका है और अक्टूबर–नवंबर में फसल कटाई भी हो चुकी थी।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि कुछ लोग रैयतों को गुमराह कर रहे हैं। ऐसे लोगों को आगाह करते हुए उन्होंने कहा कि प्रशासन की नजर ऐसे तत्वों पर है और भ्रम फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, कहलगांव श्री कृष्ण चंद्रगुप्त भी उपस्थित रहे।
पीरपैंती पावर प्लांट की अधिगृहित जमीन के मुआवजे को लेकर डीएम की अध्यक्षता में बैठक
































