75 प्रतिशत से कम उपस्थिति पर परीक्षा फॉर्म भरने से वंचित होंगी छात्राएं : प्राचार्या प्रो. निशा झा

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
सुंदरवती महिला महाविद्यालय (एसएम कॉलेज), भागलपुर की प्राचार्या प्रो. निशा झा ने स्पष्ट किया है कि जिन छात्राओं की कक्षा में 75 प्रतिशत से कम उपस्थिति होगी, उन्हें परीक्षा फॉर्म भरने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इस संबंध में गुरुवार को कॉलेज प्रशासन द्वारा एक आधिकारिक नोटिस जारी किया गया है, जिसे सभी शिक्षकों एवं छात्राओं के व्हाट्सएप ग्रुप में भी प्रसारित कर दिया गया है।
प्राचार्या ने सभी विभागाध्यक्षों एवं शिक्षकों को इस आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में स्नातक सेमेस्टर-3 एवं सेमेस्टर-5 की कक्षाएं संचालित हो रही हैं, लेकिन अधिकांश कक्षाओं में छात्राओं की दैनिक उपस्थिति बेहद कम पाई जा रही है, जो एक गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि इस स्थिति को कॉलेज प्रशासन ने अत्यंत गंभीरता से लिया है। सभी विभागाध्यक्षों को अपने-अपने विभागों में छात्राओं की उपस्थिति बढ़ाने के लिए सक्रिय पहल करने को कहा गया है। जो छात्राएं नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित नहीं रहेंगी, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और उन्हें परीक्षा फॉर्म भरने से भी वंचित किया जाएगा।
प्रो. निशा झा ने कहा कि एसएम कॉलेज, टीएमबीयू का एक प्रतिष्ठित और प्रीमियर महिला महाविद्यालय है। राज्य सरकार द्वारा सुंदरवती महिला महाविद्यालय को ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ घोषित किया जाना कॉलेज के लिए गर्व की बात है। इस संस्थान की पहचान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुशासन से रही है, जिसे किसी भी स्थिति में कमजोर नहीं होने दिया जाएगा।
कक्षाओं में छात्राओं की घटती उपस्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए प्राचार्या ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपनी बेटियों को नियमित रूप से कॉलेज भेजें। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में सुदृढ़ पठन-पाठन व्यवस्था और अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है, और वे स्वयं कॉलेज की सभी व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग कर रही हैं।