प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या, नहर किनारे मिला शव, ग्रामीण चिकित्सक पर परिजनों ने लगाया आरोप

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल/छातापुर।

जिले के छातापुर थाना क्षेत्र के चकला गांव निवासी 25 वर्षीय युवक सौरभ कुमार का शव जदिया थाना क्षेत्र में मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया है। मंगलवार की सुबह जदिया थाना अंतर्गत चकरदाहा गांव के समीप नहर किनारे एक गड्ढे से उसका शव बरामद किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही त्रिवेणीगंज एसडीपीओ विभाष कुमार, पुलिस इंस्पेक्टर एस.के. पासवान तथा छातापुर थानाध्यक्ष प्रमोद झा पुलिस बल के साथ चकला गांव पहुंचे। अधिकारियों ने मृतक के घर जाकर परिजनों से घटना एवं मौत के संदर्भ में विस्तृत पूछताछ की। पूछताछ के बाद एसडीपीओ ने दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
मृतक की मां रीता देवी सहित अन्य परिजनों ने बताया कि सौरभ कुमार का गांव के ही एक ग्रामीण चिकित्सक की पुत्री से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों विवाह करना चाहते थे, लेकिन ग्रामीण चिकित्सक ने प्रेम विवाह का विरोध करते हुए अपनी पुत्री की शादी कहीं और तय कर दी थी। आगामी 13 फरवरी को उसकी शादी होने वाली थी।
परिजनों के अनुसार, इसी बीच युवती ने सौरभ को उस युवक का मोबाइल नंबर दिया, जिससे उसकी शादी तय हुई थी। सौरभ ने युवती के कहने पर उस युवक को फोन कर प्रेम प्रसंग की जानकारी दी और शादी नहीं करने का अनुरोध किया। इससे आक्रोशित होकर ग्रामीण चिकित्सक ने सहयोगियों के साथ मिलकर सौरभ की हत्या की साजिश रची।
आरोप है कि सोमवार की देर रात करीब दो बजे फोन आने पर सौरभ ग्रामीण चिकित्सक के टोले की ओर गया, जहां पहले उसकी बेरहमी से पिटाई की गई और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को जदिया थाना क्षेत्र के चकरदाहा स्थित नहर किनारे गड्ढे में फेंक दिया गया।
परिजनों ने यह भी बताया कि प्रेम प्रसंग को लेकर पूर्व में भी ग्रामीण चिकित्सक द्वारा सौरभ को जान से मारने की धमकी दी गई थी। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।