न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, वीरपुर की सीमा चौकी नरपतपट्टी द्वारा 2 फरवरी को सीमा क्षेत्र में सतर्कता एवं नियमित ऑपरेशनल ड्यूटी के दौरान प्रतिबंधित नशीली दवाओं की तस्करी में संलिप्त एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
इस संबंध में कमांडेंट, 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल गौरव सिंह ने बताया कि सीमा चौकी नरपतपट्टी के जिम्मेवारी क्षेत्र में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की तस्करी किए जाने की गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। प्राप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सीमा चौकी नरपतपट्टी द्वारा स्पर संख्या-1330 के समीप विशेष चेकिंग ड्यूटी लगाई गई।
चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपना नाम समशाद, निवासी ग्राम बाबुवान, जिला अररिया (बिहार) बताया। तत्पश्चात विधिवत तलाशी लेने पर उसके थैले से Dextromethorphan Hydrobromide & Chloreniramine Maleate cough syrup 34 बोतलें, जो कि प्रतिबंधित नशीली दवाओं की श्रेणी में आती हैं, बरामद की गईं।
बरामद प्रतिबंधित दवाओं एवं गिरफ्तार व्यक्ति को आवश्यक कानूनी औपचारिकताएँ पूर्ण करने के उपरांत थाना रतनपुरा को सुपुर्द किया जा रहा है।
उक्त कार्यवाही सहायक उप निरीक्षक (सामान्य) नवीन सिंह के नेतृत्व में अन्य बल कर्मियों की उपस्थिति में संपन्न की गई।
सशस्त्र सीमा बल सीमा क्षेत्र में तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु पूर्ण सतर्कता एवं प्रतिबद्धता के साथ निरंतर कार्यरत है।

































