फार्मर रजिस्ट्री में लापरवाही पर जिला प्रशासन सख्त: 27 कर्मियों से 24 घंटे में स्पष्टीकरण, वेतन-मानदेय पर रोक

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
कृषि विभाग के अंतर्गत चल रहे फार्मर रजिस्ट्री कार्य में गंभीर लापरवाही को लेकर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला पदाधिकारी कैमूर (भभुआ) नितिन कुमार सिंह ने कार्यों की समीक्षा के दौरान प्रगति असंतोषजनक पाए जाने पर 27 पदाधिकारियों एवं कर्मियों से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।
जिला प्रशासन द्वारा किए गए विगत एक माह के कार्यों के अवलोकन में यह सामने आया कि संबंधित कृषि सलाहकारों एवं कृषि समन्वयकों द्वारा फार्मर रजिस्ट्री कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं की गई। यह स्थिति कर्तव्यहीनता, लापरवाही तथा वरीय पदाधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना को दर्शाती है।
जिला पदाधिकारी ने इस गंभीर चूक पर कड़ा असंतोष व्यक्त करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया है कि सभी संबंधित कर्मी निर्धारित 24 घंटे की समय-सीमा में अपना स्पष्ट एवं संतोषजनक स्पष्टीकरण अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं।
प्रशासन ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि समय-सीमा के भीतर संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं होता है, तो संबंधित कर्मियों के विरुद्ध चयनमुक्त (कार्य से हटाने) की कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही, स्पष्टीकरण पर अंतिम निर्णय होने तक संबंधित कर्मियों का वेतन/मानदेय अगले आदेश तक स्थगित रहेगा।
जिला पदाधिकारी ने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि फार्मर रजिस्ट्री कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तय लक्ष्यों की शीघ्र पूर्ति सुनिश्चित करें, ताकि जिले के अधिक से अधिक किसान सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।