सिमराही एन एच 27 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल, हायर सेंटर रेफर

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल/ राघोपुर

राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही बाजार स्थित मछली मार्केट के समीप सोमवार की शाम करीब 4 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। एक अज्ञात वाहन ने सड़क पार कर रहे एक बुजुर्ग व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घायल बुजुर्ग व्यक्ति अपने ससुराल सिमराही आए हुए थे। बताया जाता है कि वे किसी आवश्यक काम से सिमराही मछली मार्केट गए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक अज्ञात गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुजुर्ग सड़क पर गिर पड़े और उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना को अंजाम देने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 हाईवे गश्ती वाहन की पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल बुजुर्ग को उठाकर इलाज के लिए राघोपुर रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया।
घायल की पहचान छातापुर थाना क्षेत्र के मोहम्मदगंज कटही वार्ड संख्या 5 निवासी लक्ष्मी दास (उम्र करीब 75 वर्ष) के रूप में की गई है। डॉक्टरों के अनुसार, लक्ष्मी दास को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद राघोपुर थाना पुलिस भी सक्रिय हो गई है। राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि आवेदन मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।