न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र के कोशी पुल के पास नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक चार चक्का वाहन से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोरेक्स जब्त करते हुए तीन तस्करों को मौके से गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में नशा कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, वाहन की तलाशी के दौरान कुल 6 पेटी कोरेक्स बरामद की गई। प्रत्येक पेटी में 160 पीस कोरेक्स मौजूद थे। इस प्रकार कुल 960 पीस, जिसकी मात्रा लगभग 96 लीटर आंकी गई है, को जब्त किया गया। इतनी बड़ी मात्रा में कोरेक्स की बरामदगी को पुलिस नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क से जोड़कर देख रही है।
पुलिस ने मौके से चार चक्का वाहन को भी जब्त कर लिया है और तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में यह आशंका जताई जा रही है कि कोरेक्स की खेप किसी बड़े गिरोह के लिए लाई जा रही थी, जिसे आगे अलग-अलग क्षेत्रों में खपाने की तैयारी थी।
किशनपुर थाना पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस नशा तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस जल्द ही इस पूरे नेटवर्क का खुलासा करने का दावा कर रही है।
फिलहाल मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

































