एक बांग्लादेशी महिला सहित 5 व्यक्तियों को अवैध प्रवेश के प्रयास में एसएसबी ने किया गिरफ्तार

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल की डी-समवाय, कुनौली के तहत सीमा चौकी कुनौली चेक पोस्ट-2 बी.पी. संख्या 223 के निकट पर ड्यूटी के दौरान गुरुवार को एक बांग्लादेशी महिला सहित कुल 5 संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।
ड्यूटी पर तैनात पोस्ट कमांडर सहायक उप निरीक्षक सामान्य संजय कुमार ने चेक पोस्ट के समीप कुछ व्यक्तियों को संदिग्ध अवस्था में घूमते तथा चेकिंग से बचने का प्रयास करते हुए देखा। संदेह होने पर उन्हें तुरंत चेक पोस्ट पर बुलाकर पहचान संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया। पूछताछ के दौरान उनकी पहचान
एती अख्तर, उम्र 28 वर्ष, पिता हारून रशीद, निवासी- गाजीपुर, बांग्लादेश ,मो. शाकिब, उम्र 25 वर्ष, निवासी- रायबरेली (उ.प्र.)
प्रमोद प्रसाद, उम्र 24 वर्ष, निवासी- सप्तरी, नेपाल ,मो. बिलाल, उम्र 25 वर्ष, निवासी- रायबरेली (उ.प्र.) एक अन्य नाबालिग, निवासी- सप्तरी, नेपाल शामिल है।
प्रारंभिक पूछताछ में ज्ञात हुआ कि उक्त सभी व्यक्ति नेपाल से भारत की ओर आ रहे थे। मो. शाकिब द्वारा बताया गया कि उसने लगभग 3 वर्ष पूर्व जॉर्डन में एती अख्तर से विवाह किया था। पूछताछ में विवाह संबंधी कोई वैध प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया गया। साथ ही महिला के पास भारत आने हेतु वैध वीज़ा नहीं था, जिसके कारण वे नेपाल के रास्ते अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे।
उक्त कार्रवाई सहायक उप निरीक्षक संजय कुमार एवं अन्य 4 कार्मिकों द्वारा की गई। सभी पकड़े गए व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक कागजी कार्रवाई पूर्ण करने के उपरांत उन्हें थाना कुनौली को अग्रिम कार्रवाई के लिए सुपुर्द किया जा रहा है।