मैट्रिक छात्र ने की खुदकुशी, आम के पेड़ से लटका मिला शव,परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने की जांच

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, जगदीशपुर

जगदीशपुर थाना क्षेत्र के हड़वा गांव में बुधवार तड़के एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव के 16 वर्षीय मैट्रिक छात्र छोटू कुमार ने कथित तौर पर खुदकुशी कर ली। बुधवार सुबह करीब 4 बजे ग्रामीणों ने उसका शव घर के बाहर नदी किनारे बगीचे में आम के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका हुआ देखा।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत जगदीशपुर थाने को इसकी जानकारी दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए 12 दिन में भेज दिया गया।
चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था छोटू
मृतक छोटू कुमार अपने चार भाइयों में दूसरे स्थान पर था। वह इस साल मैट्रिक की परीक्षा देने वाला था और गांव के ही स्कूल में पढ़ाई करता था। उसके पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे और बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाते थे।
फॉरेंसिक टीम ने बताया आत्महत्या का मामला
सहायक निदेशक, क्षेत्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला भागलपुर के स्वतंत्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की गहन जांच की मांग की है, ताकि इस कदम के पीछे की वजह स्पष्ट हो सके।