शहर में जलापूर्ति योजना 15 मार्च तक पूरा करने का मिला टास्क

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

भागलपुर के समीक्षा भवन में मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में जिला गंगा संरक्षण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में गंगा नदी में दूषित पानी के प्रवाह पर रोक, जलापूर्ति योजनाओं, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) और शवदाह गृह के निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में परियोजना निदेशक (असैनिक), बुडको ने भागलपुर जिले में चल रही चार जलापूर्ति योजनाओं की जानकारी दी। फेज-1 के पैकेज-01 के अंतर्गत 43 वार्डों में पानी की आपूर्ति चालू है। जिलाधिकारी ने शेष वार्डों में जलापूर्ति 15 मार्च तक पूर्ण करने का निर्देश दिया।
सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के निर्माण पर चर्चा करते हुए परियोजना निदेशक ने बताया कि नगर परिषद, सुलतानगंज और नवगछिया के STP का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है, जबकि नगर निगम भागलपुर में 45 MLD STP और IPS योजना के तहत 10 IPS में से 3 कार्य पूर्ण हो चुके हैं। बाकी कार्य मार्च तक पूर्ण करने का निर्देश जिलाधिकारी ने दिया। कहलगाँव में 6 MLD STP और 4 IPS निर्माण कार्य की प्रगति भी बैठक में साझा की गई।
शवदाह गृहों के निर्माण पर समीक्षा में बताया गया कि नगर निगम भागलपुर के गंगा घाट पर दो विद्युत और चार लकड़ी शवदाह गृहों में चारदीवारी का निर्माण 80%, Earth Filling 75%, विद्युत शवदाह गृह का कार्य 50% और लकड़ी शवदाह गृह का कार्य 95% तक पूर्ण हो चुका है। सुलतानगंज में विद्युत और लकड़ी शवदाह गृह निर्माण कार्य क्रमशः 10% पूर्ण हुआ है। नवगछिया में अभी कोई शवदाह गृह नहीं है, और शव का अंतिम संस्कार गंगा के महादेवपुर घाट पर किया जाता है।
जिलाधिकारी ने सभी नगर निकायों को निर्देश दिया कि ये योजनाएं नियमित रूप से मॉनिटर की जाएं और सभी कार्य यथाशीघ्र पूर्ण किए जाएं।
बैठक में असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, भागलपुर को निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम की Synergy Bio Medical Waste पंजीकरण स्थिति की जानकारी देने और छापामारी कराने के निर्देश दिए गए। IMIS प्रणाली पर 69 ग्रामों में से 68 ग्राम को ODF Plus घोषित किया जा चुका है।
बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला नीलाम पत्र पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, निदेशक जिला ग्रामीण विकास अभिकरण और जिला गंगा संरक्षण समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।