न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
सदर प्रखंड के बरूआरी पश्चिम गांव स्थित खेल मैदान में आयोजित नौ दिवसीय शतचंडी महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन अपराह्न 3 बजे से 7 बजे तक श्रीमद् देवी भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। जिसमें बक्सर से पधारे आचार्य कृष्णानंद महाराज श्रद्धालुओं को देवी भागवत कथा का रसपान करा रहे हैं।प्रवचन प्रारंभ होने से पूर्व यज्ञ समिति की ओर से जिला परिषद क्षेत्र संख्या 8 के जिला परिषद सदस्य रजनीश कुमार सिंह को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इसके उपरांत प्रवचन मंच पर पधारे आचार्य कृष्णानंद महाराज को जिला परिषद सदस्य रजनीश कुमार सिंह द्वारा पाग, शाल एवं माला पहनाकर श्रद्धा भाव से सम्मानित किया गया।सम्मान समारोह के दौरान आचार्य कृष्णानंद जी महाराज ने जिला परिषद सदस्य को आयुष्मान भवः का आशीर्वाद देते हुए उनके सरल स्वभाव की सराहना की तथा उन्हें प्रगति के पथ पर निरंतर अग्रसर रहने और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य रजनीश कुमार सिंह ने उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे इस क्षेत्र के जनप्रतिनिधि अवश्य हैं, लेकिन स्वयं को सभी का छोटा भाई और सेवक मानते हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की सेवा ही उनका धर्म है और वे आगे भी इसी भावना से सेवा करते रहेंगे।
इसके पूर्व यज्ञ प्रारंभ होने से पहले यज्ञ समिति द्वारा कांग्रेस नेता अनुपम कुमार एवं स्वास्थ्य विभाग के जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) बालकृष्ण चौधरी को भी सम्मानित किया गया। सम्मान स्वीकार करते हुए उन्होंने कहा कि सनातन धर्म, हिंदुत्व और जनकल्याण के लिए ऐसे धार्मिक यज्ञों का आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, संस्कार और एकता का संचार करता है।
समारोह के दौरान यज्ञ स्थल का वातावरण श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास से परिपूर्ण बना रहा। श्रद्धालुओं की उपस्थिति से आयोजन स्थल पूरी तरह भक्तिमय नजर आया।


































