न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
कैमूर जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां नशे के लिए पैसे नहीं मिलने पर एक सगे बेटे ने अपने ही पिता की बेरहमी से लाठी से कूंचकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना चांद थाना क्षेत्र के सिरहिरा गांव की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव निवासी स्वर्गीय सीरी बिंद के पुत्र नन्हकू बिंद के रूप में हुई है। आरोपी का नाम भभुआ अनुमंडल क्षेत्र के टॉप-10 अपराधियों की सूची में भी शामिल था।
इस मामले को लेकर मंगलवार को भभुआ एसडीपीओ मनोरंजन भारती ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 29 मई 2025 को सीरी बिंद की उनके झोपड़ी नुमा मकान में लाठी से कूंचकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद गांव निवासी गुलाब पासवान के बयान पर अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त लाठी बरामद कर उसे जब्त किया था, वहीं एफएसएल टीम को जांच के लिए बुलाया गया था। अनुसंधान के क्रम में पुलिस को ठोस साक्ष्य मिले, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि हत्या मृतक के छोटे पुत्र नन्हकू बिंद ने ही की थी।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नशे का आदी है और नशा करने के लिए अक्सर अपने पिता से पैसे की मांग करता था। पैसे नहीं मिलने पर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। घटना के दिन भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने लाठी से पिता के चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर उनकी मौके पर ही हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
एसडीपीओ ने बताया कि भभुआ अनुमंडल के टॉप-10 अपराधियों में शामिल 9 अपराधियों को पुलिस अब तक गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि एक फरार आरोपी की तलाश जारी है, जिसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
नशे के लिए पैसे नहीं देने पर बेटे ने पिता की लाठी से कूंचकर हत्या कर दी, आरोपी गिरफ्तार



























