गणतंत्र दिवस पर कैमूर मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम, निःशुल्क हेलमेट वितरण

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर

गणतंत्र दिवस के अवसर पर कैमूर मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल में सड़क सुरक्षा को लेकर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें वाहन प्रशिक्षण ले रहे प्रशिक्षुओं को निःशुल्क हेलमेट का वितरण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों को सुरक्षित वाहन चलाने के प्रति जागरूक करना रहा।
संस्थान परिसर में झंडोत्तोलन के बाद आयोजित इस कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा के साथ-साथ स्वयं की सुरक्षा को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में जिले के परिवहन पदाधिकारी रवि रंजन सहित परिवहन विभाग के कई अधिकारी, समाजसेवी एवं आसपास के दर्जनों ग्रामीणों ने भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
बताया गया कि कैमूर मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल बिहार सरकार से मान्यता प्राप्त संस्थान है, जहाँ दोपहिया, चारपहिया सहित सभी प्रकार के वाहनों के लिए ड्राइविंग प्रशिक्षण दिया जाता है। संस्थान के संचालक वरुण कुमार ने बताया कि 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर विशेष रूप से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें संस्थान से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे लोगों को निःशुल्क हेलमेट वितरित किए गए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं से बचाव हो सके और लोगों का जीवन सुरक्षित रह सके।
उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए बिहार सरकार द्वारा लगातार सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में यह पहल की गई है, जिससे आमजन में सुरक्षित वाहन चलाने की भावना विकसित हो।