न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल मुख्यालय तथा इसके अंतर्गत समस्त सीमा चौकियों पर 77वां गणतंत्र दिवस अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता के प्रति बल के समर्पण को भावपूर्ण ढंग से अभिव्यक्त किया गया।
गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर 45वीं वाहिनी मुख्यालय परिसर में ध्वजारोहण का कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें गौरव सिंह, कमांडेंट, 45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई तथा राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो गया।
मुख्यालय परिसर में आयोजित इस गरिमामय समारोह में वाहिनी के सभी अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं जवानों के साथ-साथ स्कूली छात्र-छात्राएं तथा सीमावर्ती क्षेत्रों से आए युवक-युवतियां उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि सीमावर्ती क्षेत्रों के ये युवक-युवतियां सशस्त्र सीमा बल द्वारा सरकारी सेवाओं की तैयारी हेतु प्रदान किए जा रहे मार्गदर्शन एवं सहयोग कार्यक्रम के अंतर्गत लाभान्वित हो रहे हैं।
इस अवसर पर कमांडेंट गौरव सिंह द्वारा महानिदेशक, सशस्त्र सीमा बल का संदेश उपस्थित जनसमूह के समक्ष पढ़कर सुनाया गया। अपने संबोधन में उन्होंने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर बलिदानियों को नमन किया तथा सीमा पर तैनात एसएसबी के जवानों द्वारा राष्ट्र की सुरक्षा में निभाई जा रही कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित एवं समर्पित भूमिका की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने जवानों को संविधान की गरिमा बनाए रखने तथा राष्ट्रसेवा के पथ पर सदैव तत्पर रहने के लिए प्रेरित किया।
इसके अतिरिक्त, वाहिनी के अंतर्गत सभी सीमा चौकियों पर भी गणतंत्र दिवस समारोह पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ मनाया गया। सीमा चौकियों पर तैनात जवानों द्वारा ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई तथा राष्ट्रगान के माध्यम से राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई गई।इस दौरान उत्कृष्ट सेवा, अनुकरणीय अनुशासन एवं सराहनीय कार्य निष्पादन करने वाले अधिकारियों एवं जवानों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया यह सम्मान कार्मिकों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ अन्य जवानों के लिए भी प्रेरणास्रोत सिद्ध हुआ।
कार्यक्रम के समापन पर मिठाइयों का वितरण किया गया तथा उपस्थित सभी अधिकारी, जवान एवं नागरिकों द्वारा देश की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा के लिए निरंतर समर्पित रहने का संकल्प लिया गया।
































