कैमूर में शान से लहराया तिरंगा, भभुआ जगजीवन स्टेडियम में कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने किया झंडोत्तोलन

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
गणतंत्र दिवस के अवसर पर कैमूर जिले में देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। भभुआ स्थित जगजीवन स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में बिहार सरकार के कृषि मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री राम कृपाल यादव ने पूरे सम्मान और गौरव के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने परेड की सलामी ली और विभिन्न टुकड़ियों का निरीक्षण किया।
समारोह में जिलाधिकारी नितिन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक हरि मोहन शुक्ला, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, समाजसेवी और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्य समारोह के दौरान जिले के विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक झांकियां निकाली गईं, जिन्हें देखकर स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। झांकियों के माध्यम से सरकारी योजनाओं, सामाजिक विकास और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
सरकारी योजनाओं की उपलब्धियों का किया उल्लेख
अपने संबोधन में कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने केंद्र एवं बिहार सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि सरकार समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने पेंशन योजनाओं में बढ़ोतरी, जीविका के माध्यम से महिला रोजगार, आयुष्मान भारत योजना, एससी-एसटी छात्रों के लिए छात्रवृत्ति एवं छात्रावास, बालिकाओं के लिए छात्रावास, तथा इंटर एवं स्नातक उत्तीर्ण करने पर मिलने वाली प्रोत्साहन राशि जैसी योजनाओं की जानकारी दी।
इसके साथ ही जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर भी प्रकाश डाला।
झांकियों में दिखा विकास का संदेश
शिक्षा विभाग की झांकी में “उन्नत शिक्षा, उज्ज्वल भविष्य” का संदेश दिया गया, वहीं जीविका विभाग ने महिलाओं के सशक्तिकरण और स्वावलंबन से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया।
इसके अलावा उत्पाद विभाग, परिवहन विभाग, सहकारिता विभाग, आईसीडीएस, पीएचईडी, सामाजिक कोषांग, बाल कल्याण विभाग, जिला कल्याण विभाग सहित कई विभागों ने अपनी-अपनी झांकियों के माध्यम से जनकल्याणकारी कार्यों को प्रस्तुत किया।
जिलेभर में हुआ ध्वजारोहण
मुख्य समारोह के उपरांत भभुआ स्थित जिला समाहरणालय परिसर में विकास भवन में डीडीसी, जिला परिषद कार्यालय में जिला परिषद अध्यक्ष, अनुमंडल कार्यालय में एसडीएम, भभुआ थाना में थानाध्यक्ष, पुलिस लाइन में एसपी द्वारा ध्वजारोहण किया गया।
इसके साथ ही जिले के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी भवनों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।