बरूआरी पश्चिम दुर्गा स्थान में शत चंडी महायज्ञ काआयोजन, भागवत कथा से श्रद्धालु ले रहे हैं धर्म-रस का पान

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

सदर प्रखंड के बरूआरी पश्चिम दुर्गा स्थान परिसर में आयोजित शत चंडी महायज्ञ इन दिनों पूरे क्षेत्र में आस्था और भक्ति का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। नौ दिवसीय इस महायज्ञ में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। यज्ञ स्थल पर परिक्रमा, पूजा-अर्चना एवं श्रीमद्भागवत कथा के श्रवण हेतु दूर-दराज के गांवों से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।

महायज्ञ के अवसर पर कांग्रेस नेता अनुपम कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में यज्ञ स्थल पहुंचे। उनके आगमन पर मनिंद्र कुमार सिंह उर्फ बौआ द्वारा पाग एवं चादर भेंट कर पारंपरिक तरीके से सम्मानित किया गया। अतिथि स्वागत के दौरान यज्ञ समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।यज्ञ समिति के अध्यक्ष सुनील कुमार यादव ने बताया कि आचार्य कृष्णानंद शास्त्री जी के सान्निध्य में नौ दिनों तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, कर्म एवं मानव जीवन के मूल्यों का गूढ़ संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस महायज्ञ का उद्देश्य केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में नैतिकता, सद्भाव एवं आध्यात्मिक चेतना का प्रसार करना भी है।इस अवसर पर धीरेन्द्र प्रताप सिंह, कार्तिक प्रसाद सिंह, आनंद अप्पू, नीरज कुमार झा एवं राजेश कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।