बसंत पंचमी पर कैमूर के छात्रों को बड़ी सौगात, अब ANM-GNM की तैयारी के लिए पटना-बनारस नहीं जाना पड़ेगा

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर

बसंत पंचमी पर कैमूर जिले के छात्रों को शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी राहत मिली है। एएनएम एवं जीएनएम कोर्स की तैयारी के लिए अब जिले के विद्यार्थियों को पटना या बनारस का रुख नहीं करना पड़ेगा। कैमूर जिला मुख्यालय भभुआ में हवाई अड्डा के समीप सक्सेज करियर पॉइंट क्लास कोचिंग का शुभारंभ किया गया, जिसका उद्घाटन जिला सिविल सर्जन डॉ. चंदेश्वरी रजक ने किया।
इस कोचिंग संस्थान में एएनएम, जीएनएम के अलावा डीएलएड, 9वीं-10वीं मैट्रिक (बिहार बोर्ड एवं सीबीएसई बोर्ड) तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी अनुभवी शिक्षकों के माध्यम से कराई जाएगी। संस्थान प्रबंधन द्वारा बेहतर शिक्षा, अनुशासन और परिणामोन्मुख पढ़ाई की गारंटी देने का दावा किया गया है।
गौरतलब है कि कैमूर जिले से हर वर्ष सैकड़ों छात्र-छात्राएं एएनएम और जीएनएम कोर्स पूरा करने के बाद प्रवेश परीक्षा एवं बेहतर मार्गदर्शन के लिए पटना और बनारस जैसे शहरों में जाते थे। इससे न सिर्फ आर्थिक बोझ बढ़ता था, बल्कि कई प्रतिभाशाली छात्र संसाधनों के अभाव में पीछे भी रह जाते थे। अब भभुआ में ही यह सुविधा उपलब्ध होने से स्थानीय छात्रों को काफी सहूलियत मिलेगी।
उद्घाटन के दौरान सिविल सर्जन डॉ. चंदेश्वरी रजक ने कहा कि, “जिले में एएनएम-जीएनएम की तैयारी के लिए अब तक कोई सशक्त और व्यवस्थित मंच उपलब्ध नहीं था। सक्सेज करियर पॉइंट के खुलने से छात्रों को स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी। इसके लिए कोचिंग संचालक बधाई के पात्र हैं।”

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक मौजूद रहे। सभी ने इस पहल को कैमूर जिले के शैक्षणिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया और उम्मीद जताई कि इससे जिले के युवाओं का भविष्य संवर सकेगा।