न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में आज भागलपुर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिला स्तर के कार्यपालक अभियंता और परियोजना निदेशक शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में लंबित और नए आधारभूत संरचना परियोजनाओं की समीक्षा करना था।
बैठक में जिलाधिकारी ने उन योजनाओं पर विशेष ध्यान केंद्रित किया, जो विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की कमी के कारण लंबित हैं। पथ निर्माण विभाग, पथ प्रमंडल, भागलपुर को विद्युत आपूर्ति प्रमंडल पूर्वी एवं शहरी से तीन योजनाओं का इलेक्ट्रिसिटी यूटिलिटी शिफ्टिंग का प्राक्कलन प्राप्त नहीं हुआ था। इन प्राक्कलनों को जिला स्तर से मुख्यालय भेजा जा चुका है और जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को व्यक्तिगत रूप से फॉलो-अप करने के निर्देश दिए।
बैठक में यह भी पाया गया कि बिहार राज्य पूल निर्माण निगम लिमिटेड की परियोजना, भागलपुर-गोराडीह मार्ग पर रेलवे लाइन पुल संख्या-2 (RUB) के पास पहुँच पथ सहित ROB के निर्माण कार्य के लिए जिला भू-अर्जन कार्यालय से एक्सपर्ट कमिटी का गठन लंबित है। जिलाधिकारी ने जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को इसका प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र गठन करने का निर्देश दिया, ताकि परियोजना समय पर पूर्ण हो सके।
इसके अलावा सभी कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया गया कि अपने-अपने विभाग की महत्वपूर्ण और बड़ी योजनाओं की पहचान की जाए। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि माननीय मुख्यमंत्री के “समृद्धि यात्रा” के दौरान इन परियोजनाओं का उद्घाटन या शिलान्यास किया जा सके। प्रस्तावित परियोजनाओं की सूची यथाशीघ्र उपलब्ध कराने को भी कहा गया।
जिलाधिकारी ने बैठक में सभी अधिकारियों से स्पष्ट रूप से कहा कि भागलपुर जिले की विकास योजनाओं को तेज़ी से लागू करने और मुख्यमंत्री समृद्धि यात्रा के दौरान जिले की प्रगति का सकारात्मक प्रदर्शन सुनिश्चित करने के लिए विभागीय समन्वय अत्यंत आवश्यक है।

































