सरस्वती पूजा को लेकर जिला शांति समिति की बैठक, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, बिना लाइसेंस नहीं निकलेगा जुलूस, 24 जनवरी तक विसर्जन का आग्रह

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
सरस्वती पूजा के दौरान जिले में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर मंगलवार को समीक्षा भवन में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सरस्वती पूजा विद्या की देवी की पूजा है, इसलिए इसका आयोजन श्रद्धा और भक्ति भाव से किया जाना चाहिए। शांति समिति के सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों के आलोक में संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि बड़े पूजा पंडालों और विसर्जन मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने नगर निगम और नगर निकायों को निर्देश दिया कि जहां कृत्रिम तालाबों में पानी की समस्या रहती है, वहां समय पर पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सरस्वती पूजा में बड़ी संख्या में छोटे बच्चे शामिल रहते हैं, ऐसे में इस बात पर विशेष नजर रखी जाए कि कोई उन्मादी या असामाजिक तत्व उनके बीच न घुस पाए। नशा या शराब सेवन की किसी भी सूचना पर तुरंत स्थानीय प्रशासन को अवगत कराने का निर्देश दिया गया।
विसर्जन के दौरान सुरक्षा को लेकर डीएम ने स्पष्ट किया कि 18 वर्ष से अधिक उम्र के युवक ही पानी में उतरेंगे, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। प्रमुख घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। डीजे के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और सभी थानों को अपने-अपने क्षेत्र के डीजे संचालकों से बॉन्ड भरवाने का निर्देश दिया गया है। जर्जर बिजली तारों को समय रहते बदलने और पूजा के दौरान एक नियंत्रण कक्ष सक्रिय रखने के भी निर्देश दिए गए।
26 जनवरी गणतंत्र दिवस को देखते हुए जिलाधिकारी ने जिला शांति समिति से आग्रह किया कि 24 जनवरी तक प्रतिमाओं का विसर्जन करा लिया जाए। विशेष परिस्थितियों में अधिकतम 25 जनवरी अपराह्न 4 बजे तक विसर्जन अनिवार्य रूप से पूरा कर लिया जाए।
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि सभी पूजा पंडालों के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। लाइसेंस के लिए केवल एक आवेदन देना होगा, जिसमें 10 से 15 सदस्यों के नाम, मोबाइल नंबर और आधार कार्ड की जानकारी देनी होगी। इससे जिला स्तर पर पूजा पंडालों का डाटा उपलब्ध रहेगा और किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। भड़काऊ और अश्लील गीतों पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी। सभी थानों को पहले से पेन ड्राइव या सीडी मंगवाकर गीतों की जांच करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी अफवाह को फॉरवर्ड न करें, बल्कि तुरंत संबंधित थाना या अधिकारी को सूचित करें।
उन्होंने कहा कि जुलूस में नशे की हालत में किसी को शामिल होने की अनुमति नहीं होगी। जुलूस में हथियार, लाठी-डंडा लेकर चलने पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
बैठक को उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह और नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा ने भी संबोधित किया। जिला शांति समिति के सदस्यों ने बारी-बारी से अपने सुझाव रखे और प्रशासन के साथ सहयोग का भरोसा दिलाया। बैठक के अंत में विगत वर्षों की तरह इस वर्ष भी सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने का संकल्प दोहराया गया।