बेटी ने पिता को नशे के सेवन और घरेलू हिंसा के आरोप में पुलिस के हवाले किया

न्यूज स्कैन ब्यूरो, किशनगंज

किशनगंज में एक दिल दहला देने वाली घटना ने सामाजिक चेतना को झकझोर दिया है। यहां एक बेटी ने अपनी ही पिता को नशे के सेवन और घरेलू हिंसा के आरोप में पुलिस के हवाले कर दिया। यह मामला मझिया रोड क्षेत्र का है, जहां आरोपी पिता श्यामल रवि दास उम्र 45 वर्ष पिता स्वर्गीय गणेश दास पर लंबे समय से परिवार पर अत्याचार करने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार, श्यामल रवि दास मजदूरी का काम करते थे और घर का सामान बेचकर गुजारा चलाते थे। लेकिन नशे की लत ने उनकी जिंदगी और परिवार को तबाह कर दिया। वे नियमित रूप से स्मैक, गांजा और शराब का सेवन करते थे। नशे के सेवन के बाद वे पत्नी और बेटियों पर मारपीट करते थे। घर में 18 साल से यह सिलसिला चल रहा था, जिससे परिवार त्रस्त था। उनकी एक बेटी 16 वर्षीय है और वर्तमान में कक्षा 11 में पढ़ रही है।

मामला तब सामने आया जब आज बेटी ने पिता को पॉकेट में स्मैक की दो पुड़ियां छिपाते देख लिया। नशे की लत से तंग आ चुकी बेटी ने हिम्मत जुटाई और तुरंत पुलिस को फोन कर सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर श्यामल रवि दास को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से दो पुड़ियां स्मैक बरामद हुईं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।

इस घटना ने स्थानीय स्तर पर नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाई है। बेटी की बहादुरी की सराहना हो रही है, जिन्होंने परिवार की सुरक्षा के लिए कानून का सहारा लिया। वही कई लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों में पीड़ित परिवार, खासकर महिलाएं और बच्चे, अक्सर चुप रह जाते हैं, लेकिन इस बेटी ने साहस दिखाया। बेटी ने कहा, “हम लंबे समय से सहन कर रहे थे, लेकिन अब और नहीं सहा जा सकता था।”