न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
कला, संस्कृति एवं युवा विभाग बिहार सरकार के निर्देश के आलोक में जिला प्रशासन द्वारा बसंत पंचमी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। अनुमंडल पदाधिकारी सदर इंद्रवीर कुमार के द्वारा बसंत पंचमी महोत्सव मनाया जाने के संबंध में आवश्यक तैयारी एवं कार्यक्रम की रूपरेखा के लिए बैठक की गई। बसंत पंचमी महोत्सव का उद्घाटन सरस्वती पूजा के दिन 23 जनवरी को टाउन हॉल में किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से किया जाएगा तथा स्वागत गान के साथ स्थानीय व प्रसिद्ध कलाकारों के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति भी की जाएगी। इस महोत्सव का उद्देश्य लोगों में बसंत पंचमी के महत्व तथा कला व संस्कृति को बढ़ावा देना है। अनुमंडल पदाधिकारी के द्वारा इस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए अनुमंडल कार्यालय के विभिन्न पदाधिकारीयों एवं कर्मियों के साथ बैठक की गई तथा विभिन्न कार्यों के लिए पदाधिकारी एवं कर्मियों की कमेटी बनाई गई है। इस कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों एवं बच्चों की प्रस्तुति की जाएगी साथ ही ख्याति प्राप्त कलाकार के प्रस्तुति के रूप में कस्तूरी सरकार, करीना कुमारी व गुड्डू राजा इत्यादि की प्रस्तुति भी की जाएगी। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी के द्वारा सभी पदाधिकारी एवं कर्मियों को निर्देश दिया गया कि इस कार्यक्रम का व्यापक प्रचार प्रचार करें ताकि ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोग टाउन हॉल आकर निर्धारित तिथि को इस सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद ले सकें। इस अवसर पर अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अमित कुमार, अवर निर्वाचन पदाधिकारी कमलेश कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी तारकेश्वर पटेल, कार्यपालक दंडाधिकारी नूतन कुमारी, सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी रंजीत कुमार एवं संबंधित कर्मी भी उपस्थित थे।
































