न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
कैमूर जिले के भभुआ थाना क्षेत्र से एक शर्मनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां जामुआंव गांव में दो चचेरे ससुरों द्वारा अपनी बहु के साथ बेरहमी से मारपीट किए जाने का आरोप लगा है। पीड़िता का आरोप है कि दोनों ने न सिर्फ उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की, बल्कि उसे गली में घसीट-घसीटकर पीटा। इस दौरान गांव के लोग तमाशबीन बने रहे।
पीड़िता वर्षा पांडेय ने इस मामले में महिला थाना में आवेदन देकर एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने महिला थाना में दिए अपने बयान में बताया कि 18 जनवरी की सुबह करीब 9 बजे, जब उसके पति विपुल पांडेय घर पर मौजूद नहीं थे, तभी उसके चचेरे ससुर अजय पांडेय और लुलु पांडेय उसके घर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खोलते ही दोनों ने उसके पति के बारे में पूछताछ शुरू की। जब उसने बताया कि पति घर पर नहीं हैं, तो दोनों गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर दोनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
वर्षा पांडेय के अनुसार, मारपीट के दौरान वह बेहोश हो गई, इसके बावजूद आरोपियों ने उसे घसीटते हुए गली तक ले जाकर पीटा। बाद में जब उसके पति मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी लाठी-डंडे से मारपीट की। किसी तरह दोनों पति-पत्नी जान बचाकर घर के अंदर भागे। इस दौरान पीड़िता के गले से सोने की चेन भी तोड़ दी गई, जिसका आधा हिस्सा ही बरामद हो सका है।
पीड़िता के पति विपुल पांडेय ने बताया कि उनके चाचा जमीन विवाद को लेकर लगातार परिवार को प्रताड़ित कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जमीन विवाद के चलते उनके जीवित पिता को मृत घोषित कर दिया गया और आए दिन मारपीट की जाती है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आरोपी किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं।
































