गणतंत्र दिवस पर निकलने वाली झांकियों को लेकर हुई समीक्षा बैठक: सैंडिस कंपाउंड में सुबह 8 बजे से सजेंगी विभागीय झांकियां, एक दिन पहले होगा रिहर्सल

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर सैंडिस कंपाउंड स्थित मुख्य समारोह स्थल से निकलने वाली विभागीय झांकियों की तैयारी को लेकर सोमवार को समाहरणालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त भागलपुर प्रदीप कुमार सिंह ने की। बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने अपनी-अपनी झांकियों की रूपरेखा प्रस्तुत की।
बैठक में उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि उनके विभाग द्वारा झांकी के माध्यम से मध्य निषेध को लेकर नुक्कड़ नाटक के कलाकारों द्वारा जागरूकता संदेश दिया जाएगा। परिवहन विभाग की ओर से सड़क सुरक्षा विषय पर आधारित झांकी निकाली जाएगी।
जीविका के संचार प्रबंधक श्री बिकास राव ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना को दर्शाती झांकी प्रस्तुत की जाएगी। वहीं जिला कृषि पदाधिकारी को ई-केवाईसी एवं किसान पंजीकरण विषय पर झांकी निकालने का निर्देश दिया गया।
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस) ने बताया कि नीति आयोग द्वारा निर्धारित सात संकेतकों (07 इंडिकेटर्स) पर आधारित झांकी निकाली जाएगी, जिसमें गर्भवती महिलाओं को दिए जा रहे अतिरिक्त पोषण को प्रमुख रूप से दर्शाया जाएगा।
जिला कल्याण पदाधिकारी ने बताया कि अनुसूचित जाति/जनजाति आवासीय विद्यालय के मॉडल को झांकी के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।
किलकारी की ओर से बताया गया कि झांकी में सितार वादन करते बच्चों की झलक दिखाई जाएगी। ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छता अभियान एवं डब्ल्यूपीयू (WPU) को दर्शाती झांकी निकाली जाएगी।
इसके अतिरिक्त लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम तथा राजस्व विभाग द्वारा भी गणतंत्र दिवस के अवसर पर झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी।
बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह ने निर्देश दिया कि सभी झांकियां मुख्य मंच के सामने समान गति से गुजरेंगी। उन्होंने बताया कि सभी झांकियां क्रमवार प्रातः 8:00 बजे सैंडिस कंपाउंड में खड़ी कर दी जाएंगी तथा एक दिन पूर्व सभी झांकियों का रिहर्सल अनिवार्य रूप से पूरा कर लिया जाएगा।